हिमाचल बजट / महिलाओं और किशोरियों के लिए स्वस्थ और सशक्त किशोरित्व एवं मातृत्व योजना की शुरुआत, वरिष्ठ नागरिकों को मुफ्त दवा

शिमला.  मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को वित्तीय वर्ष 2020-21 का बजट विधानसभा में पेश किया। बजट में स्वास्थ्य विभाग के लिए 2,702 करोड़ रुपए तथा आयुर्वेद विभाग के लिए 307 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और महिलाओं में जागरूकता के लिए एक नया कार्यक्रम अभियान के रूप में चलाया जाएगा। बच्चियों और किशोरियों के वैक्सीन - टीकाकरण के लिए एक विस्तृत कार्यनीति तैयार की गई है। इन दोनों उद्देश्यों के लिए एक नई योजना- स्वस्थ और सशक्त किशोरित्व एवं मातृत्व की शुरुआत की जाएगी।



जिला सरकारी अस्पतालों में मैमोग्राफी की सुविधा 


मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ साल में प्रदेश में महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर के केसों में वृद्धि हुई है। यह एक ऐसा कैंसर है जिसका शुरुआत में ही पता चल जाए ताे इसका पूर्ण इलाज संभव है। आगामी वित्त वर्ष में प्रदेश के सभी जिला सरकारी अस्पतालों में मैमोग्राफी मशीनें उपलब्ध करवाई जाएंगी। 


10 मोबाइल हेल्थ सेंटर खोले जाएंगे


प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों में 10 मोबाइल हेल्थ सेंटर खोले जाएंगे। 108 एंबुलेंस सेवाओं के अंतर्गत 198 एंबुलेंस चलाई जा रही हैं। कुछ पुरानी एंबुलेंस को बदला जा चुका है। शीघ्र ही 100 पुरानी एंबुलेंस को बदला जाएगा। प्रदेश में निशुल्क दवाओं की व्यवस्था के लिए 100 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान किया गया है। 60 से अधिक आयु वाले वरिष्ठ नागरिकों को मुफ्त आयुर्वेदिक दवाइयां दी जाएंगी।  कुपोषण से निपटने के लिए स्वर्ण जयंती आहार योजना शुरू की गई। इसमें 30 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। प्राइमरी स्कूलों में मिड-डे मील के लिए स्वस्थ बचपन योजना की घोषणा की गई है। इसमें पहली से 8 वीं कक्षा के बच्चों को एक दिन पौष्टिक आहार दिया जाएगा। इसके लिए 11 करोड़ के अतिरिक्त बजट का प्रावधान किया गया है।