मप्र में चल रहा सियासत का ड्रामा प्रदेश हित में जल्द हो समाप्त

अशोकनगर । कमलनाथ सरकार के जो 22 विधायक जिनमें 6 मंत्री है पिछली 9 मार्च से बैंगलुरु में डेरा डाले हुए हैं जिनमें अशोकनगर जिले के दो कांग्रेस विधायक भी शामिल हैं। जिनमें अशोकनगर के विधायक जजपाल सिंह और मुंगावली के विधायक बृजेन्द्र सिंह यादव शामिल है। इन दोनों विधायकों का उनके परिवार के लोगों को बेसब्री से इंतजार है। उनकी पार्टी के लोग और उनके साथ में सदैव रहने वाले लोगों को भी उनकी चिंता सता रही है। न उनसे फोन पर संपर्क हो रहा है, न उनके हालचाल मिल रहे है। सुरक्षा की दृष्टि से भी 12 दिन हो जाने से चिंताएं बढ़ रही है। ऐसी स्थिति में परिवार के लोगों के साथ पार्टी के कार्यकर्ताओं और मिलने वालों की एक ही चाह है कि प्रदेश के हित में जो सियासत का ड्रामा चल रहा है उसका जल्द अंत हो।


 

दोनों विधायकों को अपने परिवार में लौटना चाहिए- गोपाल सिंह चौहान


जिले की चंदेरी विधानसभा सीट के कांग्रेस विधायक गोपाल सिंह चौहान का कहना है कि इन दोनों विधायकों को अपनी पार्टी में वापिस लौटना चाहिए। उन्होंने उनके परिवार के सदस्यों से चर्चा की है। उनके साथ में रहने वाले और विधानसभा के चुनाव में उनका काम करने वाले लोगों से आग्रह किया है कि वह मिलकर प्रयास करें। घर परिवार के लोग उन्हें समझायें। वह परिवार में वापिस लौट आये। मैने उन्हें समझाया है। मुझे उम्मीद है कि वह वापस कांग्रेस में लौट आएंगे।


 

मैंने किसी से फोन पर चर्चा नहीं की- कन्हईराम लोधी


जिला कांग्रेस के अध्यक्ष कन्हईराम लोधी ने कहा कि मैं किसान परिवार का सदस्य हूं। मुझे राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुझे कांग्रेस में जिलाध्यक्ष बनाया था। मैंने उन्हें अपना इस्तीफा दे दिया है। मैं अब पार्टी का प्राथमिक सदस्य हूं। जो भी प्रदेश में ड्रामा हो रहा है वह ऊपर की राजनीति है। धनबल-बाहुबल का मुझे कुछ पता नहीं है। मैंने किसी से फोन पर चर्चा नहीं की।


जल्द ड्रामे का अंत होः शीतल सिंह


अशोकनगर सीट से कांग्रेस विधायक जजपाल सिंह के भाई शीतलसिंह ने बताया कि जो भी राजनीतिक उठापटक चल रही है उसका जल्द ही अंत होना चाहिए। हमें कोई जानकारी नहीं है कि वह कहा है। जो भी जानकारी है वह हमें समाचार चैनलों से मिल रही है। हमें इस बात की चिंता है कि वह जल्द घर वापिस लौंटे और इस ड्रामे का अंत होना चाहिए।


हमारे परिवार की सुरक्षा को कमलनाथ सरकार से खतराः दर्शन सिंह यादव


मुंगावली सीट से कांग्रेस विधायक बृजेन्द्र सिंह यादव के चचेरे भाई दर्शनसिंह यादव का कहना है कि हमारी उनसे बीच में बात हुई थी। उसके बाद कोई बात नहीं हुई। उन्हें घर से बाहर रहने की आदत है। इसलिए हम बेफ्रिक हैं। हम चाहते हैं कि वह जल्दी वापस लौटें। हमारे परिवार को सुरक्षा का खतरा है। यह खतरा हमें कमलनाथ सरकार से है। ऐसी स्थिति में हमारी सुरक्षा के पूरे प्रयास किए जाना चाहिए।


सियासी ड्रामा से प्रदेश का नुकसान- पूर्व विधायक गजराम सिंह


पूर्व विधायक गजराम सिंह यादव का कहना है कि हमें न्यायालय के आदेश का इंतजार है। वह दोनों विधायक क्यों गए है, कहां गए है, इसका हमें कोई अता-पता नहीं है। हमारा उनसे कोई फोन पर संपर्क भी नहीं हुआ। वह किसके साथ है यह भी उन्हें नहीं पता। लेकिन जो भी हो रहा है वह ठीक नहीं हो रहा। प्रदेश के हित में सब कुछ अच्छा होना चाहिए। इससे प्रदेश का नुकसान हो रहा है।


विधायक जल्द वापस घर लौटकर आएं, हम सबको इंतजार- पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष दिग्विजय रघुवंशी


पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दिग्विजय सिंह का कहना है कि जजपाल सिंह अशोकनगर सीट से विधायक है और वह पिछले 12 दिनों से अशोकनगर में नहीं है। वह कहां है, किसके साथ है। जितनी चिंता परिवार को है उतनी ही चिंता हमें है। हमारी कोई उनसे बात नहीं हो रही है। क्या हो रहा है, आगे क्या होगा यह सब हमें समाचारों से ही पता लग रहा है। प्रदेश के हित में जल्द ही निर्णय होना चाहिए। हमारे विधायक जल्द वापस घर लौटकर आएं। यह सबको इंतजार है।